आरोपी को शुगर, पूछताछ में हो रही दिक्कत
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी का कोतवाली और डबुआ क्षेत्र में भी कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस पूछताछ में उसने कई झगड़ों में शामिल होने की बात स्वीकार की है, हालांकि इन मामलों में उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। अपराध शाखा मुख्यालय सेक्टर-30 ने सभी थाना प्रभारियों से आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड मांगा था, लेकिन अभी तक कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। आरोपी शुगर की बीमारी से पीड़ित है। इसके चलते पुलिस को उससे लगातार पूछताछ करने में भी परेशानी हो रही है। वहीं, पुलिस अभी तक उसके परिवार के बारे में भी पूरी जानकारी नहीं जुटा सकी है।
कबाड़ के कारोबार से कमाई, महंगी गाड़ियों का शौक
पुलिस जांच और सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी मोहन शर्मा ने तांबे के कबाड़ के कारोबार से अच्छी कमाई की है। उसे महंगी गाड़ियों का शौक है। उसके पास लैंबॉर्गिनी, मर्सिडीज-बेंज जीएलएस, बीएमडब्ल्यू और महिंद्रा एक्सयूवी जैसी गाड़ियां हैं। बताया जा रहा है कि लैंबॉर्गिनी उसने अपने बेटे को दिलवाई थी। हत्याकांड के बाद आरोपी की आलीशान जीवनशैली भी शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। जीएसटी चोरी के मामले में आरोपी जेल भी जा चुका है। आरोपी के घर पर ईडी ने भी छापेमारी की थी।
पत्नी और साले से भी लंबे समय से विवाद
आरोपी का अपनी पत्नी के साथ भी लंबे समय से विवाद चल रहा है। करीब छह वर्ष पहले उसका साला उसकी बीएमडब्ल्यू कार मांगकर ले गया था। इस दौरान कार का एक्सीडेंट हो गया। कार की मरम्मत कराने को लेकर आरोपी का अपने साले से विवाद हो गया था। इसके बाद से वह अपनी ससुराल नहीं गया। उसकी पत्नी भी पंजाब स्थित मायके नहीं जा सकी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि वह पत्नी से तलाक लेने का प्रयास कर रहा था, हालांकि उसने इसके लिए अदालत में कोई केस दायर नहीं किया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच चल रही है। मुकदमे से संबंधित सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इस बात पर हुआ था मोहन और परिमजीत का विवाद?
उधर, परमजीत के परिजनों और दोस्तों ने सोशल मीडिया पर ''जस्टिस फॉर परमजीत'' अभियान शुरू किया है। इसके माध्यम से वे हत्याकांड में न्याय और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि छह नवंबर की रात कुत्ते को शौच कराने और कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी मोहन शर्मा ने सिंगापुर की सॉफ्टवेयर कंपनी के सीओओ परमजीत धनखड़ की उनके घर में नौ गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।