फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदाबाद में प्रदूषण पर लगाम: अब होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर में नहीं सुलगेगा कोयला-लकड़ी, डीएम का सख्त आदेश

Thu, 12 Nov 2026 03:03 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद

सार

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए जिलाधीश ने सख्त आदेश जारी किए हैं। अब होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर में कोयला-लकड़ी का उपयोग प्रतिबंधित होगा, केवल बिजली और गैस से चलने वाले तंदूर ही मान्य होंगे। नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें औचक निरीक्षण करेंगी और उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
कोयला की अंगीठी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर के होटल और रेस्टोरेंट में अब कोयले और लकड़ी से तंदूर जलाना भारी पड़ सकता है। वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में कोयला व लकड़ी के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। अब इन प्रतिष्ठानों में रोटी, नान और अन्य खाद्य सामग्री बनाने के लिए बिजली, गैस या अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन से चलने वाले उपकरणों का ही इस्तेमाल करना होगा। नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच के लिए संबंधित विभागों की टीमें प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी।

विज्ञापन


जिलाधीश आयुष सिन्हा ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के प्रावधानों के तहत ये निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों का सख्ती से पालन कराना जरूरी है। इसके लिए नगर निगम फरीदाबाद और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को होटल-रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, पारंपरिक तंदूर में कोयला और लकड़ी जलाने से पार्टिकुलेट मैटर समेत कई तरह के प्रदूषक हवा में घुलते हैं। इससे पहले से खराब चल रही वायु गुणवत्ता पर और प्रतिकूल असर पड़ता है। खासकर सर्दियों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के दौरान इनसे निकलने वाला धुआं लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित होता है। इसी को देखते हुए सीएक्यूएम ने होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में कोयला-लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध का प्रावधान किया है।
विज्ञापन


जिलाधीश ने सभी संबंधित उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को नगर निगम और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर आदेश लागू कराने को कहा है। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान के तंदूर में कोयला या लकड़ी का इस्तेमाल मिलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। केवल तंदूर ही नहीं, बल्कि अन्य उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की भी जांच की जाएगी।

रोज देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
प्रशासन ने इस बार निगरानी व्यवस्था को भी सख्त किया है। संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों को प्रतिदिन किए गए निरीक्षण, नियमों के उल्लंघन और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट क्षेत्रीय अधिकारी को सौंपनी होगी। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि प्रतिबंध को लागू कराने के लिए कितनी जांच हुई और कितने प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों के संचालकों से अपील की है कि वे तत्काल कोयला और लकड़ी का इस्तेमाल बंद कर स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरण अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और इनका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें