डिस्कवरी पार्क सोसाइटी में निवासियों में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-80 स्थित डिस्कवरी पार्क सोसाइटी में बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे 12वीं मंजिल से बालकनी की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। ऊंचाई से प्लास्टर का हिस्सा गिरने के बाद सोसाइटी के निवासियों में डर का माहौल है। गनीमत रही कि मलबा नीचे मौजूद किसी व्यक्ति या वाहन पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। निवासियों के अनुसार, इससे पहले 13 अगस्त को भी 14वीं मंजिल से छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका है।
निवासी अमित और जुगल ने बताया कि बृहस्पतिवार को बालकनी की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरा। ऊंचाई से मलबा गिरने के कारण आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि ऊंची मंजिलों से निर्माण सामग्री या छत का हिस्सा टूटकर गिरना गंभीर सुरक्षा खतरा है। यदि मलबा सोसाइटी परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति या वाहन पर गिरता तो जान-माल का नुकसान हो सकता था। लोगों ने सोसाइटी प्रबंधन से पूरे टावर की बालकनी, छत और बाहरी हिस्सों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।