संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में रात्रि के समय सड़कों और चौक-चौराहों पर घूमने वाले लावारिस पशु लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। सारन चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर रात के समय पशु सड़क के बीच बैठे रहते हैं। अंधेरे में इनका पता नहीं चलने के कारण वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाने को मजबूर होते हैं। इससे हादसा होने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी हरीश और सुधीर के अनुसार, रात के समय सड़कों पर लावारिस पशु सड़क के बीच में बैठ जाते हैं। कई बार पशु अचानक वाहन के सामने आ जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। अचानक पशु सामने आने पर संतुलन बिगड़ने से चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो सकते हैं।
सारन चौक के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यहां देर रात तक सड़क पर लावारिस पशु दिखाई देते हैं। कई बार वाहन चालकों को पशुओं से बचने के लिए अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। इससे पीछे से आ रहे वाहनों से टक्कर होने की आशंका रहती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पशुओं के कारण पहले भी कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं और कुछ मामलों में लोगों की जान तक जा चुकी है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।