4 महीने के दौरान तलाशी अभियान चलाकर पुलिस ने ढूंढा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही है। बीते 4 महीने के दौरान सर्च अभियान चलाकर 80 से अधिक ऐसे बांग्लादेशी नागरिकों को ढूंढकर डिपोर्ट कराया गया है। इन लोगों में लगभग सभी श्रमिक वर्ग के लोग शामिल हैं। कई तो अपनी पत्नी-बच्चों के साथ यहां रह रहे थे। पहले इन लोगों को पकड़कर शेल्टर में भेजा गया। बाद में वहां से इन्हें डिपोर्ट किया गया।
खुफिया विभाग के सूत्रों की मानें तो बीते 4 महीने से फरीदाबाद में अलग-अलग टीमें काफी सक्रियता से ये अभियान चला रही हैं। इसके तहत जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को चेक किया जा रहा है। इनमें लगभग सभी लोग बांग्लादेश के मिल रहे हैं। आस-पास के पलवल और नूंह जिले में भी पिछले दिनों इस तरह की कार्रवाई हुई है। फरीदाबाद में पकड़े गए अधिकतर लोग झुग्गी-बस्ती में रहते पाए गए हैं। फरीदाबाद की 50 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में समय-समय पर पुलिस जांच अभियान चला रही है। इन्हीं इलाकों में ये लोग अवैध रूप से रहते अब तक की कार्रवाई के दौरान मिले हैं।