सीएम ने युवाओं, अभिभावकों और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने का आह्वान किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार सुबह सेक्टर-12 खेल परिसर से ड्रग-फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों, वृद्ध और महिलाओं ने साइक्लोथॉन में हिस्सा लिया। इस दौरान सीएम ने युवाओं, अभिभावकों और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त प्रदेश बनाना हमारा संकल्प है।
नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर फरीदाबादवासियों से कहा कि युवा इस साइकिल यात्रा से जुड़ रहे हैं। वह आने वाली पीढ़ी के भविष्य की नींव को मजबूत कर रहे हैं। इसके माध्यम से जब एक बच्चा भी नशे से दूर होगा या एक भी परिवार टूटने से बचेगा। जब एक युवा अपने सपनों को पूरा करेगा, यह यात्रा की सफलता मानी जाएगी। साइकिल यात्रा दर्शाती है कि हमें नशे के खिलाफ लड़ना है। यह सिर्फ एक यात्रा नहीं बल्कि नशे के खिलाफ एक आंदोलन है।
इस मौके पर राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, मेयर प्रवीण जोशी, राजीव जेटली, जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह छोकर और पंकज रामपाल मौजूद रहे। इनके अलावा डिविजनल कमिश्नर संजय जून, आईजी पंकज नैन, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, निगमायुक्त ए. मोना श्रीनिवास, उपायुक्त विक्रम सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त साहिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
-
नशे के खिलाफ अभियान की शुरुआत
राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए 5 अप्रैल को हिसार से साइक्लोथॉन यात्रा का शुभारंभ किया गया था। जो भिवानी, चरखी दादरी, नारनौल, रेवाड़ी और पलवल होते हुए बृहस्पतिवार को फरीदाबाद पहुंची। शुक्रवार सुबह यात्रा गुरुग्राम के लिए रवाना हो गई। 27 अप्रैल तक पूरे प्रदेश का भ्रमण करके लोगों को नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को नशा न करने की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नशे के कारोबार की अगर कहीं जानकारी मिलती है तो उसे हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 व 1933 और मानस पोर्टल पर इसकी सूचना देने का आह्वान किया। इस मौके पर वर्ष 2000 में ओलंपिक पदक जीतने वालीं भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी तथा प्रणव सूरमा अर्जुन अवार्डी पैरा-एथलीट ने भी साइकिल सवारों की हौसला अफजाई की और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
दो नई एंबुलेंस की सौगात मिली
सीएसआर के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को दो नई एंबुलेंस की सौगात मिली। दोनों एंबुलेंस एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) हैं। आपातकाल स्थिति में यह एंबुलेंस मरीजों के लिए उपयोगी साबित होगी। इसके साथ ही जिले में 23 एंबुलेंस हो गई। अभी तक कुल 21 एंबुलेंस उपलब्ध थी। अब इसमें चार एएलएस, सात बीएलएस, सात पीटीए, चार किलकारी और एक बच्चों के लिए एंबुलेंस है।