मामले में इससे पहले तीन आरोपियों को किया जा चुका है गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लोगों के बैंक खाते खरीदकर साइबर ठगों को बेचने के आरोपी मांगी लाल को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की पुलिस ने राजस्थान जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि इसने प्रवीन और रंजीत से बैंक खाते लेकर आगे साइबर ठगों को बेचे थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। इससे पहले मामले में 3 आरोपियों लोकेश, प्रवीन व रंजीत को गिरफ्तार किया जा चुका है।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर हुई ठगी के मामले में ये कार्रवाई पुलिस ने की है। ओल्ड फरीदाबाद के रहने वाले व्यक्ति से ये ठगी हुई थी। जिसमें उसने पुलिस को बताया कि एक नंबर से कॉल आई और पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया गया। फिर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर प्रीपेड टास्क में निवेश पर रुपये दोगुने होने का झांसा दिया गया। व्यक्ति से 5 लाख से अधिक रुपये निवेश करा लिए लेकिन रिफंड नहीं किए। अब पुलिस टीम एफआईआर दर्ज कर मामले में कार्रवाई कर रही है।