डीएचबीवीएन मीटिंग में सरपंच ने अधिकारियों के साथ किया अभद्र व्यवहार
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार पर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने समाधान शिविर में एक शिकायतकर्ता द्वारा असंवैधानिक और अभद्र भाषा प्रयोग करने की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जिला सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों के शिष्टाचार और माहौल को बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी क्रम में डीएचबीवीएन कार्यालय में चल रही मीटिंग के दौरान एक सरपंच ने एसडीओ चांट और जेई के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और ब्लैकमेलिंग के इरादे से बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग की। इस घटना पर डीएचबीवीएन के एक्सईएन ने कैंप थाना में सरपंच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन कार्यालय में कृष्णा कॉलोनी के एक व्यक्ति और धौलागढ़ गांव के करीब दर्जनभर लोगों ने भी बिना अनुमति प्रवेश कर अधिकारियों और स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया तथा सरकारी काम में बाधा डाली। संबंधित एक्सईएन ने इस मामले में भी एफआईआर दर्ज कराई। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे कृत्य आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और सरकारी कर्मचारियों के कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालने के समान हैं। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि अपने कार्यालयों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करवाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।