शहीद भगत सिंह पार्क में बनेगा ओपन जिम, लोगों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने शहरवासियों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए वार्ड नंबर 1 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में ओपन जिम लगाने का निर्णय लिया है। इस कार्य को 3 माह में पूरा किया जाएगा।
निगम के अधिकारियों का कहना है कि पार्कों को आधुनिक और उपयोगी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
शहीद भगत सिंह पार्क इलाके के लोगों के लिए पहले से ही टहलने और बच्चों के खेलने का केंद्र रहा है। अब यहां ओपन जिम लगने से युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को व्यायाम की सुविधा भी मिलेगी। इस पहल से स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पार्क में आधुनिक जिम उपकरण लगने से लोग नियमित रूप से व्यायाम कर सकेंगे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना स्वस्थ फरीदाबाद मिशन का हिस्सा है। निगम का मानना है कि शहरी जीवनशैली में जहां लोग महंगे जिम नहीं जा पाते, वहां पार्कों में ओपन जिम एक बेहतर विकल्प है। इससे न केवल स्वास्थ्य सुधार होगा बल्कि लोगों के बीच सामाजिक जुड़ाव भी बढ़ेगा।
निगम की योजना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य बड़े पार्कों में भी इस तरह के ओपन जिम लगाए जाएं। फिलहाल शहीद भगत सिंह पार्क में जिम निर्माण की प्रक्रिया पूरी जाएगी। काम शूरू होने की 3 माह की समय सीमा में इसे चालू कर दिया जाएगा।