आज से लागू, सर्दियों के मद्देनजर किया गया समय में बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है। अब मरीजों को ओपीडी में चिकित्सकों से परामर्श लेने का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। यह नया समय आज से ही लागू कर दिया गया है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पर्ची बनवाने का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी मरीज की पर्ची नहीं बनाई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सर्दियों में सुबह के समय ठंड अधिक होने के कारण यह फैसला लिया गया है। मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपीडी का समय बदला गया है। एसएमओ डॉ. विकास गोयल ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर ही अस्पताल पहुंचे और समय पर पर्ची बनवाकर चिकित्सकीय सेवाएं प्राप्त करें।