फरीदाबाद। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीए) से संबंधित कॉलेजों में दूसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। तीसरी कटऑफ के संबंध में अधिकारी उत्तर शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेजों को कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए। इसलिए मंगलवार को कॉलेजों में ओपन काउंसलिंग का पोर्टल खोला जाएगा। इससे छात्रों को रिक्त सीटों पर दाखिले का एक और मौका मिलेगा।
ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया से कॉलेजों के सभी सीटें भरने की संभावना है। खासकर उन छात्रों को सीट मिल सकेंगी जो दाखिले के लिए परेशान थे। जिले में सरकारी और निजी दस कॉलेज हैं। इनमें स्नातक की करीब 10 हजार सीटें हैं। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने स्नातक कोर्स के लिए दाखिले की प्रक्रिया 16 अगस्त को शुरू की थी। इसके तहत दो सितंबर तक आवेदन लिए थे।
विभाग ने 11 सितंबर को पहली मेरिट लिस्ट जारी की थी, लेकिन कुछ कमियों के कारण लिस्ट को रद्द कर दिया गया था और 13 सितंबर को पहली मेरिट लिस्ट दोबारा से जारी की गई और 20 सितंबर तक फीस जमा कर दाखिले हुए। 22 सितंबर को उच्च शिक्षा विभाग की ओर से दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की गई। छात्रों को फीस जमा कर दाखिले के लिए 25 सितंबर तक का समय दिया गया था। लेकिन 60 फीसदी सीटों पर दूसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर छात्रों ने दाखिले लिए है। कई छात्र दाखिले से वंचित रह गए है। ऐसे में बाकी की 40 फीसदी सीटों पर ओपन काउंसलिंग के तहत दाखिला लिया जाएगा। इसके अलावा सोमवार से जिले में सेकंड और थर्ड ईयर के दाखिला प्रक्रिया शुरू होनी थी। सोमवार देर शाम तक पोर्टल शुरू न होने के कारण छात्रों के दाखिले नहीं हो पाए।
कॉलेज में दूसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर 60 फीसदी सीटों पर छात्रों ने दाखिला लिया है। जबकि 40 फीसदी सीटें अभी भी खाली है। इसके लिए ओपन काउंसलिंग के जरिए खाली सीटों को भरने का प्रयास किया जाएगा।
- सुनिधि चौहान, प्राचार्या, राजकीय महिला महाविद्यालय