प्रशासन ने प्रस्तावित सर्किल रेट जिला प्रशासन की वेबसाइट पर किए अपलोड,
प्रस्ताव पर आम लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में घर व जमीन खरीदना पहले से और महंगा होने वाला है। सेक्टरों में सबसे महंगे क्षेत्र सेक्टर 28, 29 होंगे। यहां के सर्किल रेट में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी की गई। जबकि व्यावसायिक क्षेत्रों में सबसे महंगा सेक्टर 12 क्षेत्र होगा। यहां एक वर्ग गज जमीन खरीदने के लिए लोगों को एक लाख चुकाने होंगे। हालांकि यह अभी प्रस्तावित रेट हैं। प्रशासन ने संशोधित प्रस्तावित रेट को जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। लाेगों से इस पर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से कुछ माह पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 के प्रस्तावित सर्किल रेट जारी किए थे। कई इलाकों के सर्कल रेट में 70 फीसदी तक की बढ़ोतरी की थी, जिसका शहरवासियों ने विरोध जताया था। लोगों की आपत्तियां के बाद प्रशासन ने पहले प्रस्तावित सर्कल रेट में बदलाव किया है। इस बार के प्रस्तावित सर्कल रेट में शहर की कॉलोनियों और सेक्टरों में 15 से 20 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्रों में 10 फीसदी तक बढ़ोतरी की सिफारिश की गई है। फरीदाबाद तहसील की बात करें तो भूड़ कॉलोनी और बल्लभगढ़ तहसील की भगत सिंह कॉलोनी और डीएलएफ आवासीय क्षेत्रों में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। शहर के सबसे महंगा आवासीय क्षेत्रों की बात करें तो सेक्टर 28 और 29 है। इन सेक्टर में प्रति गज का सर्कल रेट 38400 रुपये है। इसमें 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। वहीं दूसरी ओर व्यावसायिक प्लॉटों के मामले में सेक्टर 12 सबसे महंगा होगा। यहां पर प्रति वर्ग गज जमीन का सर्किल रेट एक लाख से ज्यादा है।
पुराने शहर में 15 फीसदी सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव
फरीदाबाद तहसील के अंतर्गत आने वाले फतेहपुर चंदीला गांव के सर्किल रेट में 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। पहले यहां का आवासीय रेट 16000 वर्ग गज था, अब प्रस्तावित रेट 18500 वर्ग गज है। इसी तरह से व्यावसायिक रेट पहले 25000 वर्ग गज था, अब 28750 वर्ग गज का प्रस्ताव है। इसी प्रकार व्यवसायिक कांप्लेक्स में प्रथम तल, द्वितीय तल, बेसमेंट, तृतीय तल और चतुर्थ तल के रेट में 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया गया है। ओल्ड फरीदाबाद में व्यवसायिक प्रॉपर्टी में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
ग्रेटर फरीदाबाद में 20 फीसदी महंगी होगी प्रॉपर्टी
नहरपार ग्रेटर फरीदाबाद के व्यवसायिक प्रॉपर्टी में फस्ट फ्लोर, ग्राउंड फ्लोर के रेट में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसी तरह बड़खल तहसील के डबुआ कॉलोनी के व्यवसायिक प्राॅपर्टी, एचएसवीपी के संस्थागत और व्यवसायिक प्रॉपर्टी में 1000 वर्ग गज तक के प्लाट, एनआईटी दो में 500 गज से 1500 गज तक आवासीय क्षेत्र, एनआईटी पांच में 500 गज से ऊपर के व्यवसायिक प्राॅपर्टी, एनआईटी औद्योगिक एरिया में 2010 से एक एकड़ तक की प्रॉपर्टी में 20-20 फीसदी बढ़ोतरी प्रस्तावित है। इसी तरह बल्लभगढ़ के सुभाष कॉलोनी में व्यवसायिक प्राॅपर्टी में 20 फीसदी, नंगला जोगियान आवासीय प्राॅपर्टी में 15 फीसदी, अंबेडकर चौक से अग्रसेन चौक तक व्यवसायिक प्राॅपर्टी में 20 फीसदी, भगत सिंह कॉलोनी नियर श्याम कॉलाेनी आवासीय क्षेत्र में 20 फीसदी, डीएलएफ आवासीय क्षेत्र में 20 फीसदी, सेक्टर 14, 16, 18, 19 में संस्थागत प्राॅपर्टी में 20 फीसदी बढ़ोतरी प्रस्तावित है।
बड़खल और बल्लभगढ़ क्षेत्र के सेक्टर-कॉलोनियों में 10 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव
अधिकारियों की मानें तो सेक्टर 14, 15, 16, 17, 18 और सेक्टर 19 में दस फीसदी तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। इसके अलावा सेक्टर 30 और 31 में 500 गज से ऊपर की प्राॅपर्टी पर 10 फीसदी, बड़खल के डबुआ कॉलोनी आवासीय में 10 फीसदी, एचएसवीपी के आवासीय क्षेत्रों में 10 फीसदी और बल्लभगढ़ की अधिकांश कॉलाेनियों में 10 फीसदी बढ़ोतरी करना प्रस्तावित है। जिला राजस्व अधिकारी बिजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश आवासीय कॉलोनियाें में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके अलावा अजरौंदा गांव, अनंगपुर, अनखीर, खेड़ी गुजरान, गाजीपुर, दौतलाबाद, पाली आदि में भी दस फीसदी प्रस्तावित है।
वर्जन प्रस्तावित कलेक्टर रेट जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं। लोग वेबसाइट के माध्यम से प्रस्तावित सर्कल रेट पर अपने सुझाव व आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। आपत्ति और सुझाव जिला उपायुक्त कार्यालय में जमा कराएं।
-बिजेंद्र राणा, जिला राजस्व अधिकारी