एसीबी ने आरोपी के साथ चपरासी व बिचौलिये को भी पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एसीबी की टीम ने जीएसटी विभाग के ईटीओ को पांच लाख बीस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के साथ उसका चपरासी व एक बिचौलिया भी पकड़ा गया है। दो दिन बाद ही ईटीओ अपने विभाग से सेवानिवृत होने वाला था। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पलवल के गांव पृथला निवासी नरेंद्र सिंह ने एसीबी को दी शिकायत में बताया था कि उसका ट्रांसपोर्ट का काम है। कुछ दिन पहले जीएसटी विभाग के ईटीओ भारत भूषण ने सामान से भरा उनका ट्रक जब्त किया था। सही बिल न होने का बहाना बनाकर भारत भूषण ने उनके ऊपर भारी भरकम जुर्माना लगाने की बात कही। ट्रक को जब्त कर पार्किंग में खड़ा करवा लिया गया। नरेंद्र जब बिल लेकर जीएसटी विभाग के सेक्टर 12 कार्यालय पहुंचे तो चुन्नी लाल नाम के बिचौलिये ने उनका काम निपटवाने की बात कही। आरोपी ने उन्हें भारत भूषण और उनके चपरासी मनोज उर्फ फौजी से मिलवाया। पांच लाख बीस हजार रुपये में सौदा तय हो गया। एसीबी के इंस्पेक्टर राकेश मलिक और राजकुमार की अगुआई में टीम ने रेड की तैयारी कर ली। पाउडर लगे नोट लेकर नरेंद्र सेक्टर 12 पहुंचा और पैसे दे दिए। इशारा पाते ही टीम ने तीनों को दबोच लिया। इसके बाद टीम ने चपरासी मनोज कुमार के घर की तलाशी लेने पर चार लाख तीस हजार और ईटीओ के निजी वाहन से एक लाख 34 हजार रुपये और बरामद किए। आरोपियों से बाकी के पैसों की जानकारी जुटाई जा रही है। हाल ही में पकडे़ गए वाहनों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अंदेशा है कि आरोपियों ने और लोगों से भी इसी तरह से रिश्वत ली है। अभी तक एसीबी की टीम ने आरोपियों से कुल दस लाख 84 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। बुधवार को तीनों को अदालत में पेश किया जाएगा।