संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शाम के समय दफ्तर और औद्योगिक क्षेत्रों से छुट्टी होने के बाद घर लौटने वाले यात्रियों के लिए सिटी बसों की कमी परेशानी का कारण बन रही है। बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी और सेक्टर क्षेत्रों के कई रूटों पर शाम के समय बसों का इंतजार करना पड़ता है। काफी देर तक बस नहीं मिलने पर यात्रियों को ऑटो, ई-रिक्शा या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
सुबह के समय शहर की प्रमुख सड़कों पर सिटी बसें दिखाई देती हैं और नौकरीपेशा लोग इनका इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। लेकिन शाम के समय कार्यालयों और औद्योगिक इकाइयों से छुट्टी के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद बसों की उपलब्धता कम नजर आती है। इससे बस स्टॉप पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है।
सेक्टर-21 निवासी दीपक ने बताया कि शाम को काम से लौटते समय बस के लिए काफी देर इंतजार करना पड़ता है। कई बार बस नहीं मिलने पर ऑटो से जाना पड़ता है। वहीं एनआईटी निवासी रवि ने बताया कि सुबह बस आसानी से मिल जाती है, लेकिन शाम के समय स्थिति अलग रहती है। खासकर पीक आवर में बसों की संख्या बढ़नी चाहिए।
ओल्ड फरीदाबाद और सेक्टर क्षेत्रों में भी शाम के समय सार्वजनिक परिवहन को लेकर यात्रियों की ऐसी ही शिकायतें सामने आती हैं। यात्रियों का कहना है कि फरीदाबाद में बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौकरी और काम के लिए एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में सफर करते हैं। ऐसे में शाम के समय बसों की नियमित उपलब्धता बेहद जरूरी है।