पीडब्ल्यूडी रोड से तेवतिया पेट्रोल पंप तक बनेगी सड़क, सोहना रोड की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गौंछी गांव और संजय कॉलोनी के लोगों को जल्द खस्ताहाल सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम गौंछी ड्रेन के किनारे पीडब्ल्यूडी रोड से तेवतिया पेट्रोल पंप तक करीब दो करोड़ रुपये की लागत से सीमेंटेड सड़क बनाएगा। सड़क का निर्माण नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) फंड से कराया जाएगा। निगम ने परियोजना की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले महीने से निर्माण शुरू होने की उम्मीद है और छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क बनने से गौंछी गांव से सोहना रोड तक आवागमन आसान होगा।
गौंछी गांव से सोहना रोड को जोड़ने वाली मौजूदा सड़क लंबे समय से जर्जर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब हो जाती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे।
पीडब्ल्यूडी रोड से सोहना रोड तक होगा काम
नगर निगम की योजना के अनुसार सड़क पीडब्ल्यूडी रोड से शुरू होकर तेवतिया पेट्रोल पंप के पास सोहना रोड तक जाएगी। इससे गौंछी गांव के अलावा आसपास के रिहायशी क्षेत्रों के लोगों को भी फायदा होगा। सोहना रोड तक सीधा और बेहतर रास्ता मिलने से लोगों को आने-जाने में कम परेशानी होगी। वाहनों की आवाजाही सुगम होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है।
आरएमसी से होगा सड़क का निर्माण
सड़क का निर्माण आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) से कराया जाएगा। सीमेंटेड सड़क होने से इसके लंबे समय तक टिकाऊ रहने की उम्मीद है। निगम के अधिकारियों के अनुसार निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार कराया जाएगा और गुणवत्ता की निगरानी भी की जाएगी।
छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य
नगर निगम ने परियोजना के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अगले 10 दिन में प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद बारिश की स्थिति को देखते हुए अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है। परियोजना को छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बारिश के बाद शुरू होगा निर्माण
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता अजय पंघल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बारिश रुकने के बाद अगले महीने से काम शुरू करने की योजना है। सड़क बनने से गौंछी और आसपास के क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।