साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़ा आरोपी
आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 72.74 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रघुवीर सिंह राजस्थान जैसलमेर का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वो इस मामले में खाताधारक है। इसके बैंक खाते में ठगी की 50 हजार रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 5 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-81 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 26 सितंबर को उनके व्हाट्सएप पर शेयर बाजार में निवेश से संबंधित एक मैसेज आया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां निवेश से संबंधित जानकारी दी जाती थी। फिर उन्हें एक एप का लिंक भेजकर एप डाउनलोड करवा उसमें खाता खुलवाया गया। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों की डिटेल देकर निवेश के नाम पर 7274882 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में रिफंड के लिए कहा गया तो आरोपियों ने मना कर दिया और बहाने बनाने लगे। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।