साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने पकड़ा आरोपी
आरोपी मोहित यूपी एटा का रहने वाला
आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 16.55 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 24 साल का मोहित यूपी एटा का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि उसने बैंक खाता अजीतेश से लेकर आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी प्राइवेट नौकरी करता है व बीए पास है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में खाताधारक नंदकिशोर व अजीतेश को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पकड़े गए आरोपी मोहित को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेकटर-8 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 12 अप्रैल 2025 को एक टेलीग्राम ग्रुप में उन्हें जोड़ा गया। इस ग्रुप में शेयर बाजार में ट्रेडिंग की सलाह दी जाती थी। ग्रुप को उसने कुछ दिन तक देखा और निवेश करने का मन बनाया। ठगों ने शिकायतकर्ता का खाता खुलवाकर निवेश कराना शुरू किया। ठगों के बताए गए बैंक खातों में शिकायतकर्ता ने 16.55 लाख रुपये जमा कर दिए और बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।