साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़ा आरोपी
आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ट्रेडिंग के नाम पर 39.43 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 30 साल का सैफ अली खान मध्यप्रदेश के सागर का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि सैफ अली खान ने खाताधारक कुनाल का बैंक खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। इससे पहले मामले में 9 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-78 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 8 नवंबर 2024 को उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। इसमें ट्रेडिंग के बारे में बताया गया। फिर ट्रेडिंग के लिए उनकी बात ठगों से होने लगी। ठगों ने उन्हें एसएमसी कस्टमर सर्विस में निवेश कर मुनाफा कमाने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने लालच में आकर 34.43 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा कर दिए। निवेश के कुछ समय बाद ही उनके निवेश खाते में मुनाफे के साथ लगभग 1.94 करोड़ रुपये दिखने लगे। रिफंड के नाम पर उनसे और रुपये मांगे गए। इस तरह उनसे 39.43 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।