पलवल। जिले में सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन सख्त है। अब हर सड़क दुर्घटना का ऑडिट अनिवार्य रूप से किया जाएगा और हादसों की आशंका वाले ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर दुरुस्त किया जाएगा। लघु सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले की सभी सड़कों की हालत में सुधार हो। हर मुख्य मार्ग पर रोड मार्किंग, संकेतक चिह्न और चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि हादसों की संभावनाएं कम की जा सके।
केएमपी, केजीपी और अन्य प्रमुख सड़कों के दोनों किनारों पर अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाएगा। बैठक में गैरकानूनी ढाबों और शराब के ठेकों पर भी सख्त रुख अपनाने की बात कही गई। सुरक्षित स्कूल वाहन नीति पर उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाली स्कूल बसें जब्त हों और एंबुलेंस की रिस्पांस टाइम सुधारने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और सिग्नल तोड़ने वालों पर सख्त चालान किए जाएं। सभी स्कूलों में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
बैठक में एडीसी जयदीप कुमार, एसडीएम ज्योति, आरटीओ सचिव जितेंद्र कुमार, नगर आयुक्त मनीषा शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।