पंचकूला की घटना के बाद भी नहीं जागा शिक्षा विभाग
90 प्रतिशत स्कूलों में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी नहीं
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। जिले के सरकारी स्कूलों में करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं। यहां एक भी नियमित काउंसलर उपलब्ध नहीं है, वहीं 90 फीसदी स्कूलों में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। पंचकूला की घटना के बाद अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
जिले के करीब 90 फीसदी सरकारी स्कूलों में सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी ऐसी ही बताई जा रही है, जहां लगे हैं वहां भी उनकी जांच जरूरी है। स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर नजर रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने बताया कि रिक्त सीटों की संख्या उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। उम्मीद है कि जल्द सीटें भर जाएंगी। विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले शिक्षकों की भी कमी है। करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों पर लगभग 3600 शिक्षक कार्यरत हैं। यह औसतन 40 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक है, जबकि प्राथमिक स्तर पर 30 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक होना चाहिए। स्वीकृत 4950 पदों में से लगभग 1350 पद खाली हैं। शिक्षकों की कमी से पढ़ाई के साथ व्यक्तिगत ध्यान देना भी मुश्किल है।
स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ मानसिक और भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता होती है। किशोरावस्था में तनाव, पढ़ाई का दबाव और पारिवारिक समस्याएं आम हैं। इन परेशानियों के समाधान के लिए प्रशिक्षित काउंसलर की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसके बावजूद, जिले के सरकारी स्कूलों में नियमित काउंसिलिंग की व्यवस्था नहीं है। पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में 28 अक्तूबर को एक घटना सामने आई थी। इसमें आठ वर्षीय बच्चे ने छह साल की सहपाठी से मारपीट की थी। बच्ची को पहली मंजिल के खाली कमरे में ले जाकर बेंच, ईंट और डस्टबिन से हमला किया गया था। बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई थी। शिक्षकों की कमी के कारण दोनों बच्चे एक ही कक्षा में बैठते थे।