आपात स्थिति में मदद के लिए लगाए गए बटन कई बसों में नहीं कर रहे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बस में सफर के दौरान अचानक कोई आपात स्थिति बन जाए तो मदद के लिए यात्रियों को पैनिक बटन की सुविधा दी गई है लेकिन कई बसों में यही बटन काम नहीं कर रहे। बसों में लगे पैनिक बटन की स्थिति को लेकर यात्रियों में भी असमंजस है।
ऐसे में सुरक्षा के लिए लगाई गई इस सुविधा की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं। रोडवेज बसों में रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र भी शामिल हैं। सफर के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने, महिला यात्री के साथ अभद्रता होने या किसी अन्य आपात स्थिति में पैनिक बटन से तत्काल मदद मिलने की उम्मीद रहती है। लेकिन बटन काम नहीं करने की स्थिति में यात्री को चालक या परिचालक को ही सूचना देनी पड़ेगी। यात्री हेमा ने बताया कि सुरक्षा के लिए बस में पैनिक बटन लगाया गया है तो वह हर समय चालू हालत में होना चाहिए। आपात स्थिति में यात्री के पास तुरंत मदद मांगने का विकल्प होना जरूरी है। वहीं, यात्री केतन ने बताया कि यात्रियों को इस बारे में जागरूक करना चाहिए और पैनिक बटन के इस्तेमाल को लेकर भी जानकारी देना चाहिए। यात्रियों का कहना है कि रोडवेज को बसों में लगे पैनिक बटन की नियमित जांच करानी चाहिए। साथ ही यात्रियों को यह भी जानकारी दी जानी चाहिए कि आपात स्थिति में बटन का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। ड्यूटी इंस्पेक्टर जयपाल राठी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। पैनिक बटन की नियमित जांच कराई जाती है और खराब बटनों को जल्द ठीक कराया जा रहा है।