फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को कोरोना संक्रमण के किसी नए मामले की पुष्टि नहीं की। वहीं, बीते 24 घंटों में तीन मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब केवल 15 कोरोना संक्रमित ही उपचाराधीन हैं। इनमें से पांच मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, 10 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में जारी है।
तीन मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं एक मरीज को वेंटिलेटर पर इलाज दिया जा रहा है। बीते करीब 45 दिन से जिले में किसी संक्रमित की मौत की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की है। जिले में आखिरी बार 17 जून को कोरोना संक्रमित की मौत का मामला सामने आया था। कोरोना की दोनों लहर में अब तक कुल 716 संक्रमितों की मौत हुई है।
कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि शनिवार को 1834 सैंपल लिए गए। इनमें से 615 की रिपोर्ट आना बाकी है। अभी तक 1004555 सैंपल लिए जा चुके हैं। कोरोना से रिकवरी रेट 99.27 फीसदी बना हुआ है।