विजेता टीमें राज्य स्तर पर लेंगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला स्तरीय लोक नृत्य में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-5 की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, भूमिका निर्वहन प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली की टीम प्रथम रही। भूमिका निर्वहन प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़ की टीम दूसरे और राजकीय कन्या मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़ की टीम तीसरे स्थान पर रही। लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊंचागांव की टीम दूसरे और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता का आयोजन एनआईटी-1 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पाली की ओर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डाइट प्रवक्ता सुषमा ने किया। इसमें खंड स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाली टीमों ने भाग लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी ने विजेता टीमों को प्रमाणपत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना प्रमाणपत्र दिए गए। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीत विषय की पीजीटी मनीषा, हेमलता और कविता शामिल रहीं।