आईटीआई संस्थानों में सेवा पखवाड़ा पर स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान और जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के नौ आईटीआई संस्थानों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
सबसे पहले संस्थानों के प्रांगण में सफाई अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और परिसर की सफाई की। इसके बाद शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने स्वच्छता का महत्व बताते हुए छात्रों को प्रेरित किया कि वे केवल अपने संस्थान ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएं।
इस अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसमें रैली, नारे लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल थीं। छात्रों ने स्वच्छता ही सेवा है और हर घर स्वच्छ, हर गली स्वच्छ जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई।