फरीदाबाद। साइबर अपराध शाखा के हत्थे चढ़े पांच नाइजीरियाई बदमाशों के ठगी का खेल दिल्ली-एनसीआर समेत पूर्वोत्तर तक फैला हुआ था। आरोपी फेसबुक पर लंदन लिंडसे नाम से महिला की फर्जी आईडी बनाकर दोस्ती करते और फिर उन्हें अपने जाल में फंसाकर ठगी करते थे। इस गिरोह का मास्टरमाइंड विलियम्स माइकल है, जिसे 26 जुलाई को साइबर अपराध शाखा ने पकड़ा था। उसके पांच विदेशी व दो स्थानीय साथी को भी बल्लभगढ़ से गिरफ्तार करने के बाद गिरोह का भंडाफोड़ हुआ।
फरीदाबाद पुलिस ने अब तक की जांच में दावा किया है कि आरोपियों ने लंदन लिंडसे के नाम से आरोपियों ने फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बना लिया था। इस प्रोफाइल की मदद से आरोपी लोगों से पहले दोस्ती करते और फिर उनसे फेसबुक मेसेंजर पर चैट कर प्रेमजाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें दोस्ती का वास्ता देकर लंदन से महंगे गिफ्ट भेजने के नाम पर कस्टम ड्यूटी व अन्य टैक्स भरने का खेल कर ठगी करते थे। आरोपियों ने बल्लभगढ़ में रहने वाले अलीगढ़ निवासी राजवीर नामक युवक से 35,500 ठग लिए थे। उसकी शिकायत पर इस गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इसमें एक आरोपी से दो देशों के पासपोर्ट भी बरामद हुए थे, जिसकी छानबीन अभी चल रही है। पुलिस पीआरओ एसीपी धारणा यादव ने बताया कि आरोपियों ने पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, गुवाहाटी, अगरतला समेत अन्य शहरों में 200 से अधिक लोगों से ठगी की है। इनमें से कुछ ने पुलिस से शिकायत की है, कुछ ने लोकलाज के कारण शिकायत नहीं की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।