फरीदाबाद। जवाहर काॅलोनी में पोद्दार परिवार पर हमला व युवक की हत्या करने के बाद आरोपी आराम से भाग सकता था। परिवार के ज्यादातर लोग गंभीर रूप से घायल थे। घर में बिखरे खून और सभी को घायल देख परिवार की महिलाएं विरोध करने की स्थिति में नहीं थीं। आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन उसकी किस्मत ने साथ नहीं दिया। पोद्दार परिवार घर के मुख्य गेट पर अंदर से ताला लगाकर सोता है। घर से भागने के लिए आरोपी राकेश को ताले की चाबी की जरूरत थी जो उसे नहीं मिली। इतनी देर में आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया। चाबी मिलने के बाद आरोपी ने जैसे ही ताला खोलकर भागने का प्रयास किया, गली के लोगों ने उसे दबोच लिया। हालांकि आरोपी को काबू करने में पड़ोसियों के भी पसीने छूट गए।
गली में मौजूद बीस से ज्यादा लोगों के काबू में भी आरोपी आसानी से नहीं आ रहा था। आरोपी के हाथ में चाकू देख गली के लोग एक बार तो घबरा गए लेकिन फिर भी उसे जाने नहीं दिया। इससे पहले कि आरोपी उन्हें डराकर भागने का प्रयास करता गली के लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पाकर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू करना चाहा। आरोपी पुलिस टीम पर भी टूट पड़ा। इस दौरान पुलिस ने रस्सी से उसके हाथ-पांव बांधकर काबू किया और घायलावस्था में बीके अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। आरोपी के सिर पर चोट लगी है।
-
छह साल पहले चाचा के साथ वर्कशाॅप में करता था काम
घायल अमित की पत्नी पूजा ने बताया आरोपी राकेश छह साल पहले फरीदाबाद में चाचा रामप्रवेश की वर्कशॉप में काम करता था। इसी वर्कशॉप में पोद्दार परिवार के तीनों बेटे अमित, राहुल और राजेश भी काम में हाथ बंटाते हैं। आरोपी शादी के लिए गांव चला गया और वापस नहीं आया। दबी जबान में आसपास के लोगों ने बताया आरोपी को किसी हरकत के कारण फरीदाबाद से वापस भेजा गया था। आरोपी राकेश शनिवार सुबह खगड़िया से ट्रेन पकड़कर रविवार सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। दोपहर करीब 12 बजे वह जवाहर कॉलोनी में चाचा रामप्रवेश पोद्दार के घर पहुंचा। दिन में सभी की बातें और हंसी देख किसी को अंदेशा भी नहीं था कि रात को यहां खून खराबा होने वाला है।
-
गांव से ही हथियार लेकर आया था आरोपी
शाम को खाने के बाद सभी सोने चले गए। आरोपी राकेश और मृतक राहुल एक ही चारपाई पर सो रहे थे। रामप्रवेश, उनकी पत्नी शशि कला और एक बेटा अलग-अगल चारपाई पर थे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे राकेश ने अपने बैग से चाकू निकालकर राहुल के गले व शरीर के अन्य भागों पर वार किया। चीख सुनकर रामप्रवेश, उनकी पत्नी और दूसरे बेटे की आंख खुल गई। बीच-बचाव के लिए सभी बिस्तर से उठे इससे पहले आरोपी ने उनपर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर रामप्रवेश का तीसरा बेटा नीचे आया तो आरोपी ने उसे भी घायल कर दिया। पुलिस को मौके से जो हथियार बरामद हुआ है उसे आरोपी गांव से अपने साथ ही लेकर आया था। यह खेती किसानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला एक औजार जैसा है, जिसे आरोपी ने घिसकर हथियार बना लिया है।
-
वर्जन
आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का इलाज चल रहा है। घर के अन्य घायलों को अस्पताल के छुट्टी के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
- सूबे सिंह, पुलिस प्रवक्ता