- छह करोड़ की लागत से तैयार होगा भवन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आधुनिक सुविधाओं से लैस नेहरू कॉलेज की नई बिल्डिंग जल्द तैयार होने वाली है। इसमें छात्रों को 50 कमरे, पीसीबी लैब व कई नई प्रकार की सुविधाओं के साथ बहुउद्देशीय हॉल की सुविधा मिलेगी। पीडब्ल्यूडी विभाग के अनुसार इस भवन के निर्माण पर छह करोड़ रुपये की लागत आएगी। विभाग का कहना है कि कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और यदि सब कुछ निर्धारित समय के अनुसार चला तो यह भवन जून 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
ढाई साल से चल रहा निर्माण कार्य
करीब ढाई साल से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन बजट व तकनीकी कारणों से इसमें कई बार देरी भी हुई। हालांकि अब विभाग का दावा है कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और आने वाले महीनों में इसकी गति तेज कर दी जाएगी।
नई बिल्डिंग में 50 कमरे बनाए जाएगें
नई बिल्डिंग को आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसमें 50 कमरे बनाए जा रहे हैं, जिनका उपयोग कक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए होगा। इसके अलावा छात्राओं और छात्रों के लिए अलग-अलग शौचालय व बाथरूम बनाए जा रहे हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। कॉलेज प्रशासनिक कार्यों के लिए एक प्राचार्य कक्ष और शिक्षकों के लिए स्टाफ रूम भी इस भवन का हिस्सा होगा।
पुरानी बिल्डिंग में जगह की कमी
कॉलेज प्रशासन का मानना है कि नई बिल्डिंग के तैयार होने से बढ़ती हुई छात्र संख्या को समायोजित करना आसान होगा। वर्तमान में कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग में जगह की कमी महसूस की जा रही है, जिससे छात्रों को कई बार असुविधा होती है। नई बिल्डिंग के निर्माण से न केवल अतिरिक्त कक्षाओं की सुविधा मिलेगी, बल्कि पढ़ाई का माहौल भी बेहतर होगा। छात्र-छात्राओं का कहना है कि लंबे समय से वे इस भवन के तैयार होने का इंतजार कर रहे हैं। बेहतर कक्षाओं और आधुनिक सुविधाओं से पढ़ाई का स्तर भी ऊंचा उठेगा। वहीं, कॉलेज के शिक्षकों का कहना है कि नई बिल्डिंग मिलने से शिक्षण कार्य और भी सुचारू रूप से चल पाएगा।
वर्जन-
भवन निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और समय सीमा का ध्यान रखा जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि जून 2026 तक किसी भी स्थिति में भवन कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया जाए।
- प्रकाश लाल, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी