उपायुक्त ने किया निरीक्षण, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की जांच के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में बने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा उपकरणों को हमेशा सुचारु रूप से कार्यशील रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, साफ-सफाई और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा उपकरणों की स्थिति और निगरानी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। किसी भी उपकरण में खराबी या सुरक्षा व्यवस्था में कमी मिलने पर उसे तुरंत दूर किया जाए। इस दौरान सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद रहे।