मंडलायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में की समीक्षा, डीसी बोले- नियमित मॉनिटरिंग और समन्वय जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जनगणना 2027 की तैयारियों और फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति को लेकर बुधवार को फरीदाबाद मंडल के मंडलायुक्त संजय जून ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में फरीदाबाद सहित मंडल के विभिन्न जिलों के उपायुक्तों ने हिस्सा लिया। फरीदाबाद से उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मंडलायुक्त संजय जून ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतियों के निर्माण का आधार होती है। ऐसे में इसकी शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि आगामी प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी हो सके।
ऑफलाइन डेटा जल्द पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला अधिकारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक कर फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि फील्ड में किए गए कार्य का डेटा समय पर पोर्टल पर अपलोड और सिंक होना चाहिए। केवल यह मान लेना पर्याप्त नहीं है कि फील्ड स्टाफ ने काम पूरा कर लिया है, बल्कि प्रत्येक सुपरवाइजर और एन्यूमरेटर से वास्तविक स्थिति की पुष्टि भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑफलाइन डेटा को जल्द से जल्द ऑनलाइन अपडेट किया जाए ताकि प्रगति रिपोर्ट वास्तविक स्थिति को दर्शा सके।
लंबित क्षेत्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
डीसी ने कहा कि जनगणना 2027 के तहत तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है। उन्होंने आगामी सप्ताह में सुपरवाइजर्स की दोबारा बैठक बुलाकर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि सुपरवाइजर्स के साथ बैठक कर एक-एक कार्य की समीक्षा की जा चुकी है और अधिकांश टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में काम लंबित है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और संबंधित सुपरवाइजर्स व एन्यूमरेटर्स को बुलाकर कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना जरूरी है ताकि उन्हें कार्य की प्राथमिकता और समयसीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी मिलती रहे। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम डॉ हनी बंसल, एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, तहसीलदार नेहा सहारन और तहसीलदार भूमिका लांबा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।