फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: चमेली की खुशबू से महकेंगे रणहेड़ा खेड़ा के पार्क

विज्ञापन
विज्ञापन
मानसिक तनाव भी घटाएंगे पौधे, स्वस्थ शरीर के साथ मिलेगी शांति
विज्ञापन



मोहित शुक्ला

फरीदाबाद। सेक्टर-25 स्थित गांव रणहेड़ा खेड़ा में वर्षों से अधूरे और उपेक्षित पड़े पार्क अब जल्द ही हरियाली, रोशनी और चमेली की खुशबू से महकते नजर आएंगे। नगर निगम पार्क के सौंदर्यीकरण पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करेगा। लंबे समय से धूल, टूटी पगडंडियों और खाली पड़ी जमीन के रूप में पहचान बना चुके पार्कों को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक स्थल में बदला जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार चमेली की खुशबू मानसिक तनाव कम करने, मन को शांत रखने और सकारात्मक माहौल बनाने में मददगार मानी जाती है। अरोमा थेरेपी में भी चमेली का उपयोग लंबे समय से किया जाता रहा है। इसकी हल्की सुगंध लोगों को मानसिक सुकून देने के साथ नींद की गुणवत्ता बेहतर करने और चिंता कम करने में सहायक मानी जाती है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पार्क को केवल सजावटी रूप नहीं दिया जाएगा। इसे लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। बढ़ते प्रदूषण और भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच ऐसे हरित स्थल लोगों को मानसिक और शारीरिक राहत देने का काम करेंगे।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-25 और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से आबादी बढ़ी है लेकिन सार्वजनिक पार्कों की हालत लगातार खराब हो गई है। कई जगहों पर हरियाली खत्म हो चुकी है और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में इस योजना से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित और बेहतर खुला स्थान मिल सकेगा।

परियोजना के तहत पार्क में नई घास बिछाई जाएगी और विभिन्न सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। चमेली के पौधों के अलावा ग्रीन हेज तैयार की जाएगी ताकि पार्क का प्राकृतिक स्वरूप आकर्षक दिखाई दे। गर्मियों के मौसम को देखते हुए बैठने वाले स्थानों पर कैनोपी और सीलिंग फैन भी लगाए जाएंगे। इससे लोग दिन के समय भी पार्क में आराम से बैठ सकेंगे।

एलईडी लाइटों से जगमगाएगा पूरा क्षेत्र

सौंदर्यीकरण योजना में प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पार्क में एलईडी स्ट्रिप लाइटें लगाई जाएंगी ताकि रात के समय पर्याप्त रोशनी बनी रहे। स्थानीय लोगों का मानना है कि रोशनी बेहतर होने से सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी। इसके अलावा पार्क में आरसीसी की आधुनिक एल-शेप बेंच लगाई जाएंगी। मौसम प्रतिरोधी इन बेंचों को लंबे समय तक टिकाऊ रखने के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
विज्ञापन



लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निगम कई स्तर पर तेजी से काम कर रहा है। कई परियोजनाओं में लोगों से सुझाव लेकर भी काम किया जा रहा है।- धीरेंद्र खड़गटा, निगम आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें