संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नंगला रोड पर सीवर लाइन डालने के लिए की गई खोदाई के बाद बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भड़ाना चौक के पास सड़क के खोदे गए हिस्से में बारिश का पानी भर गया है। जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे यहां से गुजरने वाले राहगीर और वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए अचानक गड्ढे में पहिया जाने से हादसे का खतरा बना हुआ है।
दिन में वाहन चालक पानी देखकर किसी तरह रास्ता चुन लेते हैं, लेकिन रात के समय परेशानी बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी रामकिशोर ने बताया कि पानी भरा होने की वजह से पता नहीं चलता कि सड़क पर गड्ढा कितना गहरा है। दुकानदार सुरेंद्र ने बताया कि काम चल रहा है तो कुछ समय की परेशानी समझ में आती है, लेकिन यहां सुरक्षा के इंतजाम होने चाहिए।