अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त ने निगम कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति कर वसूली की स्थिति की समीक्षा करना एवं लंबित बकायेदारों से शीघ्र वसूली हेतु रणनीति तैयार करना रहा।
इसके अलावा निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सभी क्षेत्रीय कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुछ कालोनियों की बाउंड्री को लेकर किए जा रहे कार्य को जल्द पूरा किया जाए ताकि प्रॉपर्टी आईडी बनवाने में आने वाली दिक्कतों को तुरंत प्रभाव से दूर किया जा सके और आमजन अपनी प्रॉपर्टी का टैक्स समय पर जमा कर सके। बैठक में लाल डोरा सर्टिफिकेट, सेल्फ सर्टिफिकेशन सहित टैक्स रिकवरी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा सहित सभी क्षेत्रीय कर अधिकारी मौजूद रहे।