फरीदाबाद और पलवल के करीब एक हजार खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
31 हजार मिलेंगे टीम स्पर्धाओं के विजेता को
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत 31 अक्तूबर से होगी। महोत्सव में फरीदाबाद और पलवल के करीब एक हजार खिलाड़ी 14 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न टीम स्पर्धाओं में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान कबड्डी, हॉकी, सर्किल कबड्डी, तलवारबाजी, खो-खो, फुटबॉल, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, रस्साकशी, कुश्ती, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। इन खेलों में जिले के साथ पलवल के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए मंच उपलब्ध कराना और खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना है।
महोत्सव में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को प्रवेश शुल्क भी जमा करना होगा। टीम स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को 200 रुपये और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 50 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा। टीम स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 हजार रुपये मिलेंगे।
टीम स्पर्धाओं के लिए पुरस्कार राशि घोषित कर दी गई है, लेकिन व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों को कितनी राशि दी जाएगी, इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है। ऐसे में खिलाड़ियों को व्यक्तिगत स्पर्धाओं की पुरस्कार राशि के लिए अंतिम घोषणा का इंतजार है। महोत्सव में विभिन्न खेलों के मुकाबलों के जरिये खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।