वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
परिजनों ने आर्थिक कमजोरी का हवाला देकर निजी एंबुलेंस का खर्च उठाने में जताई असमर्थता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। परिजनों को शव ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस नहीं मिली, जिसके बाद उन्हें नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी का सहारा लेना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर शनिवार को सेक्टर-2 के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। बाइक पर 40 वर्षीय अर्चना, उनकी 18 वर्षीय बेटी अंजलि और अर्चना के पति सवार थे। हादसे में अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अंजलि को बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाने के लिए अस्पताल से एंबुलेंस मांगी गई थी। उन्हें निजी एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया, जिसका किराया काफी अधिक था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे निजी एंबुलेंस का खर्च नहीं उठा सके। ऐसे में उन्हें करीब 7 से 8 किलोमीटर दूर बीके अस्पताल तक कचरा उठाने वाली गाड़ी में शव ले जाना पड़ा।
वर्जन
आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अग्रसेन चौकी में तैनात पुलिसकर्मी को सौंप दिया गया था। इसके बाद शव को किस वाहन से ले जाया गया।
मंजीत सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल
कचरा गाड़ी में शव ले जाने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।
प्रतीक अग्रवाल, डीसीपी बल्लभगढ़