जिले के तीन स्कूलों को करना है अपग्रेड
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के तीन राजकीय स्कूलों को पीएमश्री योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की घोषणा की गई थी। घोषणा के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी अपग्रेड नहीं किया गया है। इसके लिए अभी तक राशि ही मुहैया नहीं कराई गई है।
फरीदाबाद खंड से एक और बल्ल्भगढ़ खंड के दो पीएमश्री स्कूल बनाए जाएंगे। इसमें निजी स्कूल के तर्ज पर भवन के साथ आधुनिक संसाधन और सुविधाओं को मुहैया कराना है, जिससे बच्चों को आधुनिक और बेहतरीन शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सकें। इस स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा देने का प्रावधान है। स्कूलों में भवन की गुणवत्ता, कर्मचारियों की संख्या सहित कई अन्य गतिविधियों को निजी स्कूल के तर्ज पर प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यालय की ओर से दिशानिर्देश भी जारी कर दिए गए है लेकिन फंड की स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है।
प्रदेश सरकार की ओर से मॉडल संस्कृति और आरोही स्कूल बनाकर सुविधा बढ़ाई गई थी। मॉडल संस्कृति को सीबीएसई की मान्यता भी दिलाई गई थी। इसके साथ ही इन्हें अंग्र्रेजी माध्यम भी किया गया लेकिन पीएम श्री स्कूल का बोर्ड नहीं बदला जाएगा। बल्कि हिंदी और अंग्रेजी के अतिरिक्त अन्य भाषाओं में भी पढ़ाई होगी। विद्यार्थी जिस माध्यम में चाहेंगे उसी में अपनी पढ़ाई कर सकेंगे।
वर्जन
फरीदाबाद के एक और बल्लभगढ़ खंड में दो स्कूलों का पीएमश्री के लिए चयन किया जाएगा। इसे अपग्रेड करने के लिए मुख्यालय की ओर से अभी तक कोई दिशानिर्देश नहीं आया है। - महेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बल्लभगढ़