शिकोहपुर में आयोजित 8वीं आईएसकेएफ नेशनल फेडरेशन चैंपियनशिप में दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-86 स्थित स्कूल के विद्यार्थियों ने गुरुग्राम के शिकोहपुर स्टेडियम में आयोजित 8वीं आईएसकेएफ नेशनल फेडरेशन कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। 9 से 10 अगस्त तक चली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें सेंट पीटर्स स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल तीन पदक अपने नाम किए। अंडर-12 के 45 किलोग्राम भारवर्ग में गर्वित बिधूड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-10 के 30 किग्रा में हर्षित बिधूड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-12 के 45 किग्रा में थविनेश ने भी कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।