संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में शुक्रवार को मिशन बुनियाद के तीसरे चरण की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन डीएवी स्कूल सेक्टर-14 के सभागार में किया जाएगा। पहले और दूसरे चरण की परीक्षा पास करने वाले 283 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ और परीक्षा समन्वयक श्रीकृष्ण शर्मा ने बताया कि मिशन बुनियाद का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षा में भागीदारी बढ़ाना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही गणित, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान और अन्य प्रतियोगी विषयों की तैयारी कराई जाती है। चुने गए विद्यार्थियों को सेक्टर-28, सेक्टर-55, एनआइटी-पांच, चंदावली और फरीदपुर के सरकारी स्कूलों में बने बुनियाद केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शुक्रवार को सुबह आठ बजे से ही परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। विद्यार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड की कापी, बुनियाद चरण एक और दो का परिणाम तथा चरण तीन का एडमिट कार्ड लेकर जाना है। परीक्षा का आयोजन सुबह नौ बजे से दस बजे तक किया जाएगा। इसके बाद ओरिएंटेशन का आयोजन किया जाएगा। बता दें ओरिएंटेशन कार्यक्रम में डीसी आयुष सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं।