फरीदाबाद। सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल में मंगलवार को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर 100 का ब्लॉक-स्तरीय कैंपेन सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर 100 की पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों और कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही बताया गया कि हरियाणा सुपर 100 के माध्यम से अब तक 100 से अधिक विद्यार्थी आईआईटी में प्रवेश पा चुके हैं।
वहीं, मिशन बुनियाद का रेजिडेंशियल प्रोग्राम भी शुरू हो चुका है जिसमें चयनित विद्यार्थी हिसार और कुरुक्षेत्र में हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई करेंगे। मिशन बुनियाद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है। इसकी अंतिम तिथि 16 दिसंबर है वहीं परीक्षा 24 दिसंबर को आयोजित होगी। इसके अलावा हरियाणा सुपर 100 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 फरवरी और परीक्षा 11 फरवरी को निर्धारित की गई है। इस सेमिनार में लगभग 200 विद्यार्थियों और शिक्षक ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 8वीं और 10वीं के तीन-तीन विद्यार्थी सम्मिलित हुए। साथ ही सभी विद्यालयों से एक-एक टीजीटी शिक्षक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर आईएएस अमित गुलिया मौजूद रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला शामिल रहीं। इसके अलावा जिला परियोजना समन्वयक मनोज मित्तल, खंड शिक्षा अधिकारी धीरज, जिला वैज्ञानिक विशेषज्ञ श्री कृष्ण शर्मा अन्य लोग मौजूद रहे।