फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-28 स्थित डायनेस्टी स्कूल में बने वार्ड नंबर-30 के मतदान केंद्र 803 पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सुबह 10 बजे ही अपना वोट डाला। इस दौरान अन्य पार्टी के नेता भी उनके साथ थे। इस अवसर पर कृष्णपाल गुर्जर ने पूरे हरियाणा के सभी नगर निगम, नगर परिषद में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। वहीं कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सुबह 10 बजे के करीब वार्ड 35 के मतदान केंद्र मॉडर्न पब्लिक स्कूल में केंद्रित बूथ 137 में मतदान किया। इस दौरान उनके साथ सेक्टर 17 आरडब्ल्यूसी के अध्यक्ष कमल जख्मी सहित अन्य नेताओं ने भी मतदान किया। विपुल गोयल ने स्थानीय जनता से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी चुनाव छोटा नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय मुद्दों का चुनाव है इसलिए भारी संख्या में मतदान करके अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें।
सामुदायिक केंद्र पर विधायक मूलचंद शर्मा ने किया मतदान
वार्ड नंबर 43 के लिए सेक्टर-2 में दो स्थान राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल और सामुदायिक केंद्र पर मतदान केंद्र बनाया गया। सुबह 9 बजे बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक मूलचंद शर्मा ने अपने परिवार के साथ सेक्टर 2 सामुदायिक केंद्र के बूथ नंबर 1186 पर अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से फरीदाबाद के विकास के लिए मतदान करने की अपील की। वहीं जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह और उनकी धर्मपत्नी कनिका यादव ने सेक्टर-15 में स्थित विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में मतदान किया। यहां पर सामान्य पर्यवेक्षक अनीता यादव समेत अन्य ने निरीक्षण भी किया। इस दौरान मतदान केंद्र पर सुरक्षा चाक-चौबंद रही। इसके अलावा एनआईटी-3 स्थित वार्ड नंबर 16 के राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के बूथ में एनआईटी विधानसभा के विधायक सतीश फागना ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने मेयर पद समेत सभी 46 वार्डों पर भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया।