3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डेयरी से दूध सप्लाई करने का काम करने वाले युवक ने साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया कराया था। आरोपी लक्ष्मण को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गुजरात अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान उदयपुर का मूल निवासी है। पूछताछ में सामने आया कि मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके पेटीवाला मोहम्मद का बैंक खाता इसने साइबर ठगों को दिया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को यह शिकायत मेवला महाराजपुर एरिया के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। जिसमें कहा गया कि फेसबुक के जरिये उनसे संपर्क कर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने एक लिंक भेजकर ट्रेडिंग के लिए खाता खुलवाने को कहा। शुरू में 50 हजार रुपये आरोपियों के बताए गए खाते में ट्रांसफर किए। जो ट्रेडिंग के खाते में यूएसडीटी के तौर पर दिखाई देने लगे। बाद में आरोपियों के कहे अनुसार निवेश करते रहे लेकिन न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश किए गए रुपये ही वापस मिले। कुल 7.22 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।