अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डिलीवरी बॉय को रोककर चाकू व लोहे की पाइप से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के ही गढ़ी मोहल्ला निवासी मुकुल और राजीव नगर निवासी सूरज के तौर पर हुई। सेक्टर-16 पुलिस चौकी की टीम ने ये कार्रवाई की है। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुकुल के भाई और शिकायतकर्ता डिलीवरी बॉय के बीच बहस हो गई थी। इसी के चलते मुकुल ने अपने दोस्त सूरज के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय पर चाकू व लोहे की पाइप से हमला किया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद वारदात में प्रयोग चाकू, लोहे की पाइप व गाड़ी बरामद की गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
डिलीवरी बॉय को चाकू मारने की यह वारदात 22 मई की देर रात लगभग 3 बजे हुई थी। मामले में दौलताबाद गांव निवासी नेमराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वो बतौर डिलीवरी बॉय काम करता है। 22 मई की देर रात ड्यूटी खत्म कर घर जाने लगा तो दो लोग अचानक एक कार से निकले और उस पर चाकू व लोहे की पाइप से हमला कर दिया। फिर जाने से मारने की धमकी देकर आरोपी लहूलुहान हालत में छोड़कर वहां से भाग गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेक्टर-17 थाने में हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। अब पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।