अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम के तृतीय व चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्स कर्मचारियों की यूनियन ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबद्ध नगर निगम वर्कर्स यूनियन के प्रधान रंजीत शुक्ला और सचिव सौरभ श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है। उनका कहना है कि वर्षों से काम कर रहे अनुभवी कर्मचारियों को हटाकर नए कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और विभागीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
यूनियन ने मांग की कि पहले हटाए गए 58 पात्र कर्मचारियों के सेवा सुरक्षा पत्र दोबारा बहाल किए जाएं और सभी पात्र कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा का लाभ मिले। साथ ही लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों की तैनाती उनके अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर की जाए।
ज्ञापन में एचकेआरएन कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करने, ईएसआई और पीएफ का नियमित लाभ देने, बकाया राशि का भुगतान करने तथा मृत कर्मचारियों के आश्रितों को समय पर नौकरी और अन्य देय लाभ उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। इसके अलावा ईएसआई के दायरे से बाहर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने और चिरायु योजना के नाम पर काटी गई राशि वापस करने की मांग उठाई गई। यूनियन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप वर्ष 2014 की नीति लागू कर पात्र कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी दोहराई। पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो कर्मचारी आंदोलन शुरू करेंगे।