साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पकड़ा आरोपी
आरोपी 24 साल का तुषार यूपी के बरेली का रहने वाला
4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सिंगापुर में नौकरी दिलाने के बहाने 2.41 लाख रुपये की ठगी में कथित मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी तुषार (24) यूपी के बरेली का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि तुषार ने अपने एक अन्य साथी के साथ बरेली में कमरा किराये पर लिया हुआ था। वहां पर वह ठगी का कारोबार चलता था। आरोपी कॉलर व इंटरव्यू लेने का काम करता था। ठगी के कार्य के लिए उसने अन्य व्यक्तियों को भी रखा हुआ था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी तुषार एमबीए पास है और उस पर दिल्ली में भी ठगी का एक मामला दर्ज है। आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत इस्माइलपुर में रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 11 अगस्त 2025 को उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एशिया कंसल्टेंट से बताया और कहा कि सिंगापुर स्थित आईटी कंपनी में जॉब का आफर है। फिर शिकायतकर्ता का ऑनलाइन मीटिंग के माध्यम से साक्षात्कार लिया और ठगो ने प्रोफाइल वेरिफिकेशन एवं वीजा प्रोसेसिंग के नाम पर शिकायतकर्ता से 241103 रुपये ट्रांसफर करवा लिये। शिकायतकर्ता को नौकरी नहीं मिली तो मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।