50 से अधिक मैरिज हॉल चिह्नित, जल्द होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने संपत्ति कर वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। टैक्स जमा नहीं करने वाले मैरिज हॉल संचालकों के खिलाफ अब सीलिंग की कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में 50 से अधिक मैरिज हॉल ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिन पर लाखों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है।
निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने सभी जोन के कर अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए हैं कि जिन संचालकों ने नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया उनके खिलाफ एक सप्ताह के भीतर सीलिंग की कार्रवाई शुरू की जाए। इसके लिए पांच टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग जोन में अभियान चलाएंगी।
निगम अधिकारियों के मुताबिक मैरिज हॉल संचालकों को पहले ही तीन बार नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद करीब तीन करोड़ रुपये की राशि बकाया है। अब रोजाना कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।