फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले में लगातार हो रही गिरावट से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं व्यापारी व दुकानदार भी संतुष्ट है। लेकिन प्रशासन द्वारा रविवार को पूर्ण बाजार बंदी के कारण व्यापारियों व दुकानदारों में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को हरियाणा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राम जुनेजा की अध्यक्षता में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त यशपाल यादव से मुलाकात की। इस दौरान रविवार को भी बाजार खोलने के लिए ज्ञापन सौंपा गया।
राम जुनेजा ने बताया कि जिले में कोविड-19 के मामले लगभग न्यूनतम स्तर पर है। व्यापारी और बाजार भी कोविड-19 के नियमों की पूरी तरह से पालन कर रहे है। ऐसे में लॉकडाउन के कारण व्यापारियों व दुकानदारों का जो नुकसान हुआ है। उसकी पूर्ति के लिए अब प्रशासन को रविवार को बाजार खोलने की अनुमति देनी चाहिए, क्योंकि दुकानदारों के लिए सात दिन दुकानें खोलना आवश्यक है। रविवार को अधिकतर लोग छुट्टी होने के चलते खरीदारी करने बाजार आते है, लेकिन बाजार बंद रहने के कारण दुकानदारों को काफी नुकसान हो रहा है। इसलिए व्यापारियों ने मांग की है कि वे रविवार को भी शहर के बाजारों को खोलने की अनुमति प्रदान करें। उपायुक्त यशपाल यादव ने उन्हें आश्वासन दिया कि व्यापारियों समस्याओं पर विचार करके उन्हें राहत प्रदान की जाएगी। इस मौके पर प्रदेश सचिव नीरज मिगलानी, बल्लभगढ़ प्रधान प्रेम खट्टर, प्रधान 7-10 मार्केट वास देव अरोड़ा, प्रधान तिकोना ऑटो मार्केट देवेंद्र रातरा, प्रधान बाटा चौक सागर दुआ, प्रधान 5 नंबर मार्केट बलजीत सिंह अरोड़ा, प्रधान 2 नंबर मार्केट हरी किशन वर्मा, उप प्रधान मेन मार्केट ओल्ड फरीदाबाद रवि डूडेजा, सचिव मेन मार्केट ओल्ड फरीदाबाद राजकुमार गर्ग आदि मौजूद रहे।