जिले में श्रद्धा और भक्ति से मनाया गया तुलसी-शालिग्राम विवाह
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। देवउठनी एकादशी के अवसर पर रविवार को तुलसी माता और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह श्रद्धा और पारंपरिक रीति से संपन्न हुआ। शहर के मंदिरों, कॉलोनियों और घरों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर हवन, भजन-कीर्तन और भंडारों का आयोजन किया गया।
सेक्टरों और आवासीय कॉलोनियों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से तुलसी पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सेक्टर-7 डी की निवासी राज गोयल, शैफाली, सीमा और प्रेम आदि महिलाओं ने मिलकर तुलसी विवाह अनुष्ठान संपन्न किया। राजीव कॉलोनी में डी.के. मिश्रा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आचार्य सर्वेश पांडे के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी-शालिग्राम विवाह विधिवत संपन्न हुआ। इस अवसर पर अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। एनआईटी स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में भी तुलसी विवाह धूमधाम से मनाया गया। यहां तुलसी माता की ओर से कन्यादान सचिन भाटिया और जान्हवी भाटिया ने किया। मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने बताया कि तुलसी विवाह केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह भक्त और भगवान के बीच प्रेम, समर्पण और आस्था का प्रतीक है। इस मौके पर जनक भाटिया, मोक्षित भाटिया, बंसीलाल कुकरेजा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे और विवाह अनुष्ठान में भाग लिया।