संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठग ने खुद को अमेरिकी पुलिस का अधिकारी बताकर सेक्टर 15 ए निवासी एक व्यक्ति से 46 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने कहा कि तुम्हारा बेटा यहां एक केस में गिरफ्तार हुआ है। इसे बचाने के लिए पैसे देने होंगे। साइबर थाना सेंट्रल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-15ए निवासी प्रेमचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अमेरिका में रहता है। वह यहां पत्नी के साथ रहते हैं। 12 दिसंबर 2023 को उनके पास एक विदेशी नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को अमेरिकी पुलिस का अधिकारी बताया और कहा आपके बेटे को एक केस के सिलसिले में अमेरिकी पुलिस ने पकड़ लिया है। इसे केस से निकालना चाहते हो तो पैसे देने होंगे। आरोपी ने एक अकाउंट नंबर देकर पैसे भेजने को कहा। आरोपी ने कहा कि बेटे का मोबाइल व पासपोर्ट पुलिस के कब्जे में है। इस बारे में किसी को बताया तो भारी नुकसान हो सकता है। काफी गुहार लगाने पर आरोपी ने उनकी बात बेटे से कराई। फोन पर एक युवक रोते हुए बात करने लगा और कहा पापा मुझे बचा लो इन्हें पैसे दे दो। परेशानी के कारण वह आवाज पहचानने में धोखा खा गए। उन्हें लगा, बेटा मुसीबत में है। 12 से 14 दिसंबर के बीच आरोपी अलग-अलग अकाउंट में पैसे मंगाते रहे।
बेटे को बचाने के लिए उन्होंने आरोपियों के बताए खातों में तीन दिन में 46 लाख रुपये भेज दिए। पैसे भेजने के बाद बेटे के फोन पर बात की तो मामले का खुलासा हुआ। बेटे ने कहा कि ऐसी कोई घटना उसके साथ हुई ही नहीं थी। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
-
बेटे के फोन नहीं उठाने के कारण झांसे में आ गए थे पीड़ित
प्रेमचंद ने पुलिस को बताया कि आरोपी के फोन के तुरंत बाद उन्होंने अपने बेटे को तीन बार फोन किया था। बेटे के फोन नहीं उठाने पर उन्हें आरोपियों की बात पर यकीन हो गया। बेटे को मुसीबत में मानकर उन्होंने आरोपियों के बताए खाते में पैसे भेज दिए।