फरीदाबाद से किशोरी को बुला लिया गुजरात, आरोपी को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके में 37 साल के हरीशचंद्र ने 17 साल की किशोरी को शांदी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने पास गुजरात बुला लिया। मामले में कार्रवाई करते हुए खेड़ीपुल थाना पुलिस ने आरोपी हरीशचंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक चालक है और किशोरी के पास के इलाके में ही रहता है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मामले में खेड़ीपुल थाना पुलिस को शिकायत 17 साल की किशोरी की बहन ने दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि किशोरी घरों में बतौर घरेलू सहायिका काम करती है। दो अगस्त को किशोरी बगैर किसी को कुछ बताए घर से चली गई थी। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान किशोरी को पुलिस ने ढूंढा तो उसने बताया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ। आरोपी के बुलाने पर ही वो गुजरात के सूरत चली गई थी। पुलिस ने केस में पॉक्सो एक्ट की धारा जोड़ी। अब आरोपी ट्रक चालक हरीशचंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।