अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए मेयर प्रवीण जोशी ने कहा कि सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं और 15 अगस्त के बाद तिरंगे का सम्मान बनाए रखें। वे शनिवार को लक्कड़पुर, शिव दुर्गा विहार, दयालबाग और इरोज गार्डन क्षेत्र में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर लोगों को संबोधित कर रही थीं।
रैली की शुरुआत एफ-2 ब्लॉक लक्कड़पुर से हुई, जो विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए इरोज गार्डन स्थित स्टर्लिंग अपार्टमेंट के मुख्य द्वार पर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, वार्ड 21 के पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, वार्ड 22 के पार्षद हरेंद्र भड़ाना और वार्ड 23 के पार्षद गजेंद्र भड़ाना भी मौजूद रहे।
मेयर प्रवीण जोशी ने बताया कि बीते दिनों लगातार छह घंटे हुई भारी बारिश के बाद भी जिन स्थानों पर पहले जलभराव होता था, वहां इस बार पानी देर तक नहीं रुका। उन्होंने इसका श्रेय केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक धनेश अदलखा और तीनों वार्ड पार्षदों के प्रयासों को दिया, जिन्होंने नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था में विशेष ध्यान दिया।