फरीदाबाद। गांव बसंतपुर निवासी बलेश्वर के 12 वर्षीय पुत्र तनिष्क की हत्या के मुख्य आरोपी रामकिशोर को अदालत ने जेल भेज दिया। क्राइम ब्रांच ने सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया था। क्राइम ब्रांच का दावा है कि आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए उनके पास पर्याप्त सबूत हैं। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने आरोपी रामकिशोर व उसके नाबालिग भतीजे के पास से तनिष्क का आधार कार्ड, उसकी साइकिल और घड़ी बरामद की हैं।
क्राइम ब्रांच इन्हें अहम सबूत मान रही है। मृतक तनिष्क 26 अगस्त की शाम अपनी साइकिल लेकर यमुना नदी की तरफ गया था। अगले दिन उसका शव बरामद हुआ। क्राइम ब्रांच ने नदी किनारे खेत किराए पर लेकर सब्जी उगाने वाले रामकिशोर और उसके भतीजे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
तनिष्क की साइकिल रामकिशोर की झोपड़ी में खड़ी मिली थी। उसका आधार कार्ड रामकिशोर व घड़ी रामकिशोर के नाबालिग भतीजे के पास से बरामद हुई है। रामकिशोर ने पुलिस को बताया था कि तनिष्क अक्सर नदी की तरफ घूमने आता था। वह रामकिशोर और उसके परिवार को अक्सर गाली देता रहता था। वारदात के दिन भी तनिष्क ने उसे व उसके परिवार को गलियां दी थी। गुस्से में आकर उसने व उसके भतीजे ने मिलकर बच्चे उसकी हत्या कर दी। नाबालिग आरोपी को रविवार को ही बाल सुधार गृह में भेज दिया गया था।